Haryana डबवाली में अंतर्राजीय चोर गिरोह का भंडाफोड़,2 गिरफ्तार

डबवाली 19 दिसंबर। डबवाली शहर में चोरी की वारदातों को लेकर लंबे समय से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। पुलिस ने अंतर्राजीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की पहचान सन्नी उर्फ मोटा और गुरप्रीत उर्फ गगन उर्फ बान्दर के रूप में हुई है, जो पंजाब के पातड़ां जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने जानकारी दी कि आरोपियों ने डबवाली में एक ही रात में चार वारदातों को अंजाम दिया। 10 दिसंबर को डबवाली के वार्ड नंबर 1 में हरसिमरन सिंह के घर से सोने और चांदी के गहने चोरी किए गए थे। इसके अलावा, कई दुकानों से नकदी और सामान पर भी हाथ साफ किया गया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उन्होंने हाल ही में पंजाब के पातड़ां और खनौरी में भी चोरी की वारदातें की हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले से ही पंजाब के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे के आदी हैं और वारदात से पहले रैकी किया करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है ताकि और जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी टीमें बनाई गई हैं। इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )
Translate