विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में दी गीता के ज्ञान की महिमा

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने आज अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2024 में पुरुषोत्तमपुरा बाग में आयोजित सांध्यकालीन महाआरती में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पवित्र ग्रंथ गीता में संसार की हर समस्या का हल है। यह ग्रंथ न केवल जीवन के उद्देश्यों को समझाता है, बल्कि हमें हर प्रकार के प्रश्नों का समाधान भी देता है। गीता के श्लोकों में हमें जीवन को जीने की कला, अध्यात्मिक शांति और मानसिक संतुलन की सीख मिलती है।

हरविंद्र कल्याण ने कहा कि गीता में भगवान श्री कृष्ण ने जो उपदेश दिए, वह आज भी हर व्यक्ति के जीवन में प्रासंगिक हैं। यह ज्ञान हर मनुष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और तनाव जैसी समस्याओं से निपटने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से गीता के ज्ञान को विश्व स्तर पर फैलाने का कार्य किया जा रहा है, और यह महोत्सव भारत को फिर से विश्व गुरु बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।

इस महाआरती में विधानसभा अध्यक्ष के साथ कई प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया, जिसमें आरएसएस के राष्ट्रीय प्रचारक इंद्रेश, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के ओएसडी विरेंद्र सिंह सहित अन्य कई अधिकारी एवं भक्तजन उपस्थित थे। इस दौरान भजन संध्या और गीता के श्लोकों के साथ महाआरती का आयोजन किया गया, जिससे ब्रह्मसरोवर की फिजां भक्तिमय हो गई।

इस कार्यक्रम के अंत में केडीबी द्वारा सभी मेहमानों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

CATEGORIES
Share This

COMMENTS

Wordpress (0)
Disqus (0 )
Translate